मोतीपुर (बहराइच)। मोतीपुर रेंज के बाबूपुरवा गांव में गुरुवार को तेंदुए का एक शावक खेत में टहलता मिला। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर वन विभाग को सूचना दी। वन कर्मियों ने शावक को कब्जे में ले लिया है। वन विभाग के मुताबिक शावक की उम्र करीब दो से तीन माह है।
बाबूपुरवा गांव जंगल से सटा हुआ है। किसान गोपाल खेत में गए तो देखा कि तेंदुए का एक शावक वहां टहल रहा है। उन्होंने उसे पकड़ लिया। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य ने वन वाचर आलोक सिंह की टीम को मौके पर भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अपने शावक से बिछड़ गई है। ऐसे में वह कभी भी आक्रामक हो सकती है।
मां से मिलाने का चल रहा प्रयास
कतर्नियाघाट के प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप वधावन ने बताया कि मोतीपुर रेंज में एक खेत से तेंदुए का शावक मिला है। शावक को रेंज कार्यालय लाया गया है। शावक को मां से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। वन विभाग चौकसी बरत रहा है।