हुजूरपुर (बहराइच)। रायगढ़ बेहड़ा गांव निवासी एक अधेड़ सोमवार शाम को नदी के कछार में घास काट रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। आसपास के अन्य ग्रामीणों के हांका लगाने पर तेंदुआ कछार की ओर गया। ग्रामीण को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। क्षेत्र में तेंदुए के हमले को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।
बहराइच वन प्रभाग के कैसरगंज रेंज के ग्राम पंचायत रायगढ़ बेहड़ा ग्राम पंचायत शिवाला गांव निवासी हनुमान (50) पुत्र टेढ़े सोमवार शाम पांच बजे घास काटने के लिए गए थे। हनुमान गांव से कुछ दूरी पर स्थित नदी के कछार के निकट घास काट रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने हनुमान के सिर व चेहरे को नोंचकर घायल कर दिया। शोर सुनकर दौड़े आसपास के अन्य ग्रामीणों ने हांका लगाते हुए डंडे फटकारे।
इस पर तेंदुआ ग्रामीण को छोड़कर कछार की ओर चला गया। घायल ग्रामीण को सभी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। ग्रामीण की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं क्षेत्र में तेंदुआ के आने और ग्रामीण पर हमला करने से लोगों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में तेंदुए की आमद नहीं होती है। ऐसे में वन विभाग तेंदुए को पकड़कर उसे जंगल में छोड़े।
इस मामले में डीएफओ मनीष सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तेंदुए के हमले की जानकारी मिली है। वनकर्मियों को मौके पर भेजकर जांच कराया जा रहा है। इसके बाद मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।