नानपारा(बहराइच)। नानपारा रेंज के भंडारीपुरवा गांव में बुधवार की शाम पिता के साथ खेत में मौजूद एक बालिका पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालिका को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। तेंदुए के हमले से गांव में दहशत का माहौल है।बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज ग्राम भंडारीपुरवा निवासी पराग यादव बुधवार की शाम जंगल से सटे अपने सरसों के खेत में फसल काट रहे थे। इस दौरान उनकी बेटी रेनू यादव ( 7) व पत्नी भी मौजूद थी। इसी दौरान शाम लगभग पांच बजे जंगल से निकले एक तेंदुए ने रेनू पर हमला कर दिया। परिजनों ने शोर-शराबा मचाया और हांका लगाया तो तेंदुआ बालिका को छोड़ कर जंगल में भाग गया। गले में घाव से गंभीर रूप से घायल बालिका को इलाज के लिए लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे। यहां बालिका की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर वन रक्षक रामानंद मिश्रा गांव पहुंचे और जांच पड़ताल की। वन रक्षक ने तेंदुए के हमले की पुष्टि करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।