जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर के पटना स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के निकट सोमवार देर रात सड़क पार कर रहे वृद्ध को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे मंगलवार को भिनगा से बहराइच रेफर किया गया था। जिसकी बहराइच ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा निवासी जुगधन (60) पुत्र बद्री सोमवार शाम वीरगंज पटना बाजार आया था। जहां से देर रात वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पटना के सामने स्थिति सड़क पार करने लगा। तभी बहराइच से जमुनहा की ओर आ रहे मोटरसाइकिल सवार मोइनुद्दीन पुत्र अवसान खान निवासी झींगाहातारा बहराइच ने उसे टक्कर मार दिया। टक्कर तेज होने के कारण वह सड़क पर दूर जा गिरा। इसमें जुगधन को गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में भर्ती कराया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया जहां से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। मंगलवार को बहराइच ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।