नानपारा (बहराइच)। सरैया के लेखपाल की ओर से रास्ते के विवाद का निस्तारण कराने के लिए चार हजार रुपये घूस ली गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया है। साथ ही तहसीलदार की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
नानपारा तहसील अंतर्गत सरैया गांव के लेखपाल वाहिद कमाल थे। वाहिद कमाल को रास्ते की जमीन के विवाद के निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपी गई। लेखपाल 25 दिसंबर को गांव पहुंचे। उन्होंने एक पक्ष से विवाद निपटारे के लिए 10 हजार रुपये की मांग की, लेकिन पीड़ित ने चार हजार रुपये लेखपाल वाहिद कमाल को दे दिए। इसका वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। साथ ही लोगों ने वायरल हो रहे वीडियो से उपजिलाधिकारी आईएएस सूरज पटेल को अवगत कराया। एसडीएम ने वीडियो देखने के बाद तत्काल सैरया के लेखपाल वाहिद कमाल को निलंबित कर दिया है। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच के लिए तहसीलदार अमरचंद्र वर्मा की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षक सनाउल्लाह, कोटवा के लेखपाल कृष्णकुमार की अगुवाई में जांच टीम गठित की है। एसडीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।