महसी। तहसील में तैनात एक लेखपाल का काश्तकार से घूस लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई से राजस्व विभाग के कर्मचारी सकते में हैं।
जबदी गांव में तैनात लेखपाल प्रदीप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह एक काश्तकार से खतौनी में रकबा संशोधन कराने के नाम पर रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि काश्तकार ने अपने साथी के साथ मिलकर यह वीडियो बनाया था।
राजस्व गांव जबदी के बाबापुरवा निवासी एक काश्तकार अपनी खतौनी में दर्ज त्रुटिपूर्ण रकबे के संशोधन के लिए लेखपाल से मुलाकात की थी। आरोप है कि लेखपाल ने काम कराने के बदले रुपये की मांग की। इसके बाद काश्तकार ने हड़बड़हा चौराहे पर स्थित एक फोटोस्टेट की दुकान पर अपने साथी के साथ लेखपाल से मुलाकात की।
बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने पहले पांच सौ रुपये देने और बाकी पांच सौ रुपये काम पूरा होने के बाद देने की बात कही। इसके बाद काश्तकार ने लेखपाल को पांच सौ रुपये दे दिए और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सकते में आ गए। एसडीएम प्रकाश सिंह ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर लेखपाल प्रदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी, इसके लिए जांच की जा रही है।