पयागपुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत सुहेलवा में तैनात लेखपाल सौरभ शर्मा पर गलत आय प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप लगा था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसडीएम ने प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया है। साथ ही लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम मोनिका रानी को पत्र लिखा है।
पयागपुर के लोनियन पुरवा निवासी प्रीती यादव ने आंगनवाड़ी में नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने 3833 रुपये मासिक आय का प्रमाणपत्र लगाया था। गांव निवासी रामसागर जैसवाल ने सीडीओ व डीपीओ से शिकायत कर लेखपाल पर फर्जी आय प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर सीडीओ ने बीडीओ पयागपुर व नायब तहसीलदार को जांच सौंपी थी।
जांच में आवेदिका प्रीती के पति विनोद कुमार का उच्च प्राथमिक विद्यालय सुहेलवा में अनुदेशक के पद पर तैनात होना और प्रतिमाह 9000 रुपये मानदेय होना पाया गया। जबकि लेखपाल सौरभ शर्मा की ओर से जारी प्रमाणपत्र में मासिक आय मात्र 3833 रुपये दर्ज थी। बीडीओ की जांच रिपोर्ट पर डीएम मोनिका रानी ने जारी आय प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया है। एसडीएम राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि प्रकरण का संज्ञान लेकर डीएम को लिखे पत्र में लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।