बौंडी। तेजवापुर के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज रमपुरवा में बृहस्पतिवार को अटल सामुदायिक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में तकनीक और नवाचार पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आयोजन में रमपुरवा के साथ-साथ श्री रामेश्वरदत्त बाजपेयी इंटर कॉलेज तथा राजकीय हाईस्कूल टेडवा सिसटीपुर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और तकनीकी ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना था।
अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के तहत बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), रोबोटिक्स तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक सत्र चलाए गए। एटीएल प्रभारी अनिल कुमार ने छात्रों को सरल तरीके से इन तकनीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रयोगों में हिस्सा लिया।
प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार पांडेय ने कहा, नवाचार और तकनीक देश के विकास में अहम हैं। आज का युवा यदि इस दिशा में आगे बढ़े तो भारत को विश्व में अग्रणी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग किया। इस आयोजन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा मिला। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।