बहराइच में सोमवार को जिला कोषागार परिसर में प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। दीवानी न्यायालय के वकीलों ने सोमवार को ग्राम न्यायालय समेत अन्य समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने विधि कार्य से विरत रहकर जिला अधिवक्ता संघ की अगुवाई में जुलूस निकालकर सरकार को समस्याओं के प्रति अवगत कराते हुये निराकरण के लिए चेताया।
दीवानी न्यायालय के सभागार में जिला अधिवक्ता संघ के तत्वाधान में वकीलों ने बैठक की। इसकी अध्यक्षता करते हुये संघ के अध्यक्ष कृष्णमोहन श्रीवास्तव ने कहा कि तहसीलों में स्थापित होने वाले ग्राम न्यायालय के विरोध में दीवानी न्यायालय के वकील अर्से से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि अधिवक्ताओं के कल्याणार्थ बनी योजनाओं का भी प्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वयन नही किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूदा समय वकीलों की हत्याओं में इजाफा होता जा रहा है। सरकार इस पर भी अंकुश लगाने पूरी तरह विफल है। महामंत्री रामपाल शुक्ला ने कहा कि सरकार समय रहते संघ की लंबित समस्याओं का निराकरण नही करती है, तो शीघ्र ही एक कार्ययोजना के तहत आंदोलन शुरू कर दिया जायेगा।
बैठक के बाद वकीलों ने संघ के अध्यक्ष व महामंत्री की अगुवाई में दीवानी न्यायालय परिसर एक विरोध प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। इस मौके पर बनवारी लाल गुप्ता, तीरथराम तिवारी, अनवारुल हसन, कृश्ण कुमार श्रीवास्तव, दीनानाथ पांडेय, हरिपाल सिंह मौजूद रहे।