तिलकपुर में शनिवार को ट्रांसफार्मर जलने से गेहूं के खेत में आग लग गई। सूचना के बाद भी ढाई घंटे तक मौके पर दमकल या पुलिस के न पहुंचने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बौद्ध परिपथ जाम कर दिया। बाद में पहुंची दमकल पर ग्रामीणों ने पथराव किया। इस पर गिलौला पुलिस ने लाठी चार्ज किया।
वहीं भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे। इसमें एक व्यक्ति को चोट लग गई। आगे से साढ़े सत्ताईस बीघा गेहूं की फसल सहित सोलर प्लांट भी जल गया। सीओ भिनगा ने मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया। मामले में 150 लोगों पर केस दर्ज कार्रवाई की जा रही है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकपुर से बंतवारा जाने वाले मार्ग के किनारे बिजली निगम का ट्रांसफार्मर लगा है। शनिवार को वो अचानक जलने लगा। उसकी चिंगारी की आग से मुनीर खां के गेहूं का खेत जलने लगा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गिलौला पुलिस सहित अग्निशमन विभाग को दी लेकिन करीब ढाई घंटे तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा।
इस पर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग को काबू किया। आग से मुनीर खां का साढ़े पांच बीघा, ओंकार नाथ श्रीवास्तव का दस बीघा व रामधीरज अवस्थी का बारह बीघा गेहूं सहित रामधीरज के खेत गांव सहित चौराहे को विद्युत आपूर्ति देने के लिए लगे सोलर पावर प्लांट के 120 के सापेक्ष 30 प्लेट जल गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बौद्ध परिपथ जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने। इसी बीच बहराइच से पहुंचे दमकल पर ग्रामीणों ने लाठी डंडा पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने लोगों पर लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इस पर ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया।
भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के दो गोले भी छोड़े। सूचना पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी वीर सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं इस कार्रवाई में पास में ही गेहूं खरीद रहे एक दुकान पर काम कर रहे पल्लेदार श्रीराम को चोट आई। उसे बाद में सीएचसी गिलौला ले जाया गया।
सीओ वीर सिंह बताते हैं कि जिले में कई स्थानों पर अग्निकांड के कारण वाहन वहां आग बुझाने में लगे थे। पड़ोसी जिले से वाहन मंगाया गया था। जिसे तोड़ने का प्रयास किया गया। इस मामले में करीब 150 लोगों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।