बौंडी (बहराइच)। तहसील सभागार में आयोजित समारोह में महसी विधायक ने 44 लेखपालों को लैपटॉप वितरित किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि लैपटॉप से अब ग्रामीणों को खसरा-खतौनी जल्दी मिल सकेगी।
महसी तहसील सभागार में लैपटॉप वितरण समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि महसी विधायक सुरेश्वर सिंह व विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बृजेश्वर सिंह रहे। उन्होंने एसडीएम एसके त्रिपाठी, तहसीलदार राजेश वर्मा के साथ तहसील क्षेत्र के 44 लेखपालों को लैपटॉप वितरित किया।
एसडीएम ने कहा कि लेखपालों को लैपटॉप मिलने से खसरा-खतौनी, जाति, निवास प्रमाणपत्र मिलने में आसानी होगी। इस मौके पर बीडीओ संतोष यादव, कमलापति अवस्थी, मनीष सिंह, संजय त्रिवेदी, जयप्रकाश सिंह, केसी मिश्र व बब्बन प्रसाद समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।