फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: विदेशी परिंदों से कतर्नियाघाट की झीलें और नदियां हुईं गुलजार

Thu, 12 Nov 2026 11:54 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
कतर्नियाघाट के मंझरा झील में दिखा रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड (लालसर) का झुंड। -संवाद
विज्ञापन
बहराइच/बिछिया। ठंड की दस्तक के साथ ही कतर्नियाघाट के जंगलों में विदेशी परिंदों की आमद शुरू हो गई है। हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर साइबेरिया और मध्य एशिया से पहुंचे प्रवासी पक्षियों ने यहां की झीलों, नदियों और तालाबों को गुलजार कर दिया है। सुबह होते ही जलाशयों के आसपास पक्षियों की चहचहाहट और पानी में अठखेलियां करते झुंड प्राकृतिक सुंदरता बढ़ा रहे हैं।
विज्ञापन


मंझरा झील में रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड (लालसर) के झुंड दिखाई दे रहे हैं। इनके अलावा मैलार्ड, गैडवॉल, पिंटेल और शॉवलर जैसी प्रजातियां भी पहुंच चुकी हैं। सर्दियों में साइबेरिया और मध्य एशिया के कई हिस्सों में तापमान गिरने और जलस्रोत जमने के कारण ये पक्षी अनुकूल मौसम और भोजन की तलाश में तराई का रुख करते हैं। यहां पर्याप्त भोजन और अनुकूल वातावरण मिलने से मार्च तक इनका प्रवास रहता है।

दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा के लिए कतर्नियाघाट के सभी रेंजों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट किया गया है।
विज्ञापन




इन जलक्षेत्रों में दिख रहे विदेशी मेहमान
कतर्नियाघाट के मैलाताल झील, कोठियाघाट, गेरुआ नदी, आंबा घाट, घाघरा बैराज, कौड़ियाला नदी, मंझरा झील और महादेवा ताल में प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी देखी जा रही है। सुबह और शाम इनके झुंड पानी में तैरते और भोजन तलाशते नजर आते हैं। मंझरा झील में लालसर के झुंड आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।


-
बत्तखों से लेकर स्टॉर्क तक की कई प्रजातियां पहुंचीं
वन्यजीव विशेषज्ञ अभिषेक के मुताबिक, कतर्नियाघाट में मैलार्ड बत्तख, गैडवॉल, ग्रे-लैग हंस, रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड, कॉमन पोचार्ड, व्हाइट-आईड पोचार्ड, पिंटेल और शॉवलर जैसी प्रजातियां दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा पेंटेड स्टॉर्क, ब्लैक-नेक्ड स्टॉर्क, व्हाइट-नेक्ड स्टॉर्क, बार-हेडेड गूज और सारस क्रेन भी गेरुआ नदी व आसपास के तालों में नजर आ रहे हैं। लिटिल एग्रेट, हेरॉन, कॉरमोरेंट, रिवर टर्न और स्पूनबिल जैसी जलपक्षी प्रजातियां भी जलक्षेत्रों की रौनक बढ़ा रही हैं।



तीन महीने तक रहेगा विदेशी मेहमानों का बसेरा
कतर्नियाघाट में प्रवासी पक्षियों का प्रवास आमतौर पर नवंबर से मार्च तक रहता है। सर्दी बढ़ने के साथ इनकी संख्या और प्रजातियों में इजाफा हो सकता है। मार्च में तापमान बढ़ने और मूल आवासों में अनुकूल मौसम लौटने पर ये पक्षी लौट जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें