बिछिया। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय बोझिया में व्याप्त अव्यवस्था के खिलाफ थारू जनजाति समाजोत्थान समिति ने नाराजगी व्यक्त की है। कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसडीएम मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की हे।
ज्ञापन के जरिये कहा गया है कि विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक के बच्चे पढ़ते हैं। भौतिक विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं, कुछ विषयों की किताबें भी उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा पीने का साफ पानी नहीं है, भोजन की गुणवत्ता खराब है और नाश्ता न के बराबर दिया जाता है।
खेल मैदान गंदा है, लड़कों के हॉस्टल में मेस नहीं है, टॉयलेट की सफाई नहीं होती। सबसे गंभीर आरोप है कि प्रधानाध्यापक से शिकायत करने पर बच्चों को नाम काटने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि स्कूल केवल अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए है, लेकिन यहां कुछ बच्चे फर्जी गोंड और खरवार जाति के भी पढ़ रहे हैं।
जेईई की तैयारी के लिए बाहर जाने वाले चयनित बच्चों को भी स्कूल से नहीं भेजा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में थारू जन जागरूकता समिति के जिला अध्यक्ष बेचन चौधरी, जिला महा मंत्री करन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार, उमेश कुमार, सावन कुमार, दिल कुमार राणा मीडिया प्रभारी दिनेश चौधरी व सुरेश चौधरी आदि मौजूद रहे। एसडीएम जौहरी ने ज्ञापन सौंपने वालों को भरोसा दिलाया है कि उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।