महसी (बहराइच)। सरजूपुरवा गांव में दो ग्रामीणों के प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बन रहे हैं। आवास निर्माण में शटरिंग का कार्य केवलपुर निवासी श्रमिक कर रहा था। इस दौरान घर के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन में सरिया टकरा गया। इससे करंट लगने से श्रमिक की मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हरदी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत मासाडीहा के मजरा सरजूपुरवा में वंशराज व साउंड पुत्र सियाराम को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। वर्तमान में दोनों के आवास बन रहे हैं। दोनों के आवास के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी है। बुधवार सुबह 10 बजे खैरीघाट थाना क्षेत्र के केवलपुर भड़ौवा गांव निवासी रामू (28) पुत्र राजितराम निवासी भड़ौवा केवलपुर शटरिंग का काम कर रहा था।
इस दौरान एक सरिया एचटी लाइन से टकरा गया। करंट लगने से मौके पर ही श्रमिक मौत हो गई। इसकी सूचना पाकर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता सियाराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने हरदी पुलिस को तीन लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर फिरदोस, पप्पू व सियाराम निवासी सरजूपुरवा के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ग्राम प्रधान उत्तम ने बताया कि कई बार तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद पावर कॉर्पोरेशन ने तार हटाने पर कोई विचार नहीं किया।
इससे श्रमिक की जान चली गई। गांव में 15 परिवार के 170 लोग निवास करते हैं। यह सभी घुमंतू जाति के हैं। इनके आवास के ऊपर से ही एचटी लाइन गुजरी है। ऐसे में छोटे से लेकर बड़े तक इसकी चपेट में आकर जान गंवा सकते हैं। लेकिन विभाग एचटी लाइन को हटाने के बारे में विचार तक नहीं कर रहा है।