श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास शहर से लेकर कस्बों तक दिखाई दे रहा है। ठाकुरद्वारों और घरों में भगवान कृष्ण के जन्म की तैयारियां पूरी हो चुकीं हैं। कुछ स्थानों पर मटकी फोड़ने का भी प्रबंध हो चुका है। इंतजार है तो बस रात के 12 बजने का। मध्यरात्रि होते ही कान्हा के जन्म की बधाइयों से वातावरण भी गुंजायमान होगा। पूजन के लिए बाल-गोपाल, झूले और अन्य पूजन सामग्री खरीदने के लिए शुक्रवार देर रात तक बाजार में भीड़ उमड़ती रही। जगह-जगह झांकियां भी सजाई गई हैं। पुलिस लाइन और पीपल चौराहा मार्ग की झांकी सभी का आकर्षण चुराने के लिए तैयार हैं।
नगर के पुलिस लाइन स्थित मंदिर में साफ-सफाई व सजावट का काम लगभग पूरा हो गया है। प्रतिसार निरीक्षक ने बताया कि परंपरागत तरीके से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जन्माष्टमी की झांकी भव्य रहेगी। वहीं, जिले के सभी थानों में स्थित मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां पूरी हो गई हैं। पुलिस लाइन की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उधर, शहर फायर स्टेशन के सामने पीपल चौराहा मार्ग पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल के आवास पर प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भव्य झांकी सजाई जाएगी। रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम में भी साफ-सफाई और सजावट का काम लगभग पूरा हो गया है। यहां की झांकी प्रतिवर्ष आकर्षण चुराती है।
रिसिया के इंदिरानगर में हनुमान मंदिर व दुर्गा शिव मंदिर, ऋषि भूमि में हनुमान शिव मंदिर, शास्त्री नगर में संतोषी मंदिर व बाबा कुट्टी, सरस्वती नगर स्थित रिसिया थाने में रामजानकी मंदिर आदि स्थानों पर भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके अलावा नानपारा, पयागपुर, कैसरगंज, जरवलरोड आदि में विभिन्न स्थानों पर झांकियां सजाई जाएंगी। शुक्रवार को झांकियों को सजाने और जन्माष्टमी व्रत के लिए लोगों ने खूब खरीददारी की।