बहराइच-गिलौला मार्ग पर रविवार देर शाम जायरीन से भरी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। एक बालिका ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। बालिका की शिनाख्त हो गई है। अन्य दो महिलाओं का पता नहीं चल सका है।
गिलौला पुलिस ने 18 जायरीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, इनमें आठ की हालत नाजुक है। बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात अंतर्गत नरहर बालागंज गांव से जायरीन का एक जत्था पिकअप से बहराइच स्थित सैय्यद सलार मसूद गाजी की दरगाह जियारत करने रविवार को गया था। जत्थे में करीब 25 जायरीन थे। दोपहर में दरगाह पर मत्था टेकने के बाद सभी देर शाम गांव लौटने लगे।
पिकअप बहराइच-गिलौला मार्ग पर सुहापारा गांव के पास पहुंची ही थी, तभी गिलौला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दिया। इससे पिकअप में सवार जायरीन उछलकर दूर जा गिरे। गिलौला पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां खुशनुमा (13) की मौत हो गई। घायलों में आठ की हालत नाजुक है।
हादसे में नरहर बालागंज निवासी कलाम राजा (20), इश्तिखार (18), खुशबू बानो (18), अरविंद कुमार यादव (32), मासूक अली (60), भीखू (65), सुन्नता (35), समीर (10), सफीउल्ला (20), सैदा बानो (20), मुस्तकीम (50), अकबरी (65), कदबुन्निशा (50),जन्नतुनिशा (45), कासिम (35), खुशनुमा (13) समेत 18 लोग घायल हुए। हादसे के बाद मौके पर ही दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया।