बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में फुटबॉल का अभ्यास मैच खेलते खिलाड़ी।
बहराइच। शहर के सिविल लाइन स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को खेलो इंडिया टीम और स्टेडियम टीम के बीच अभ्यास फुटबॉल मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में खेलो इंडिया टीम ने स्टेडियम टीम को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए और गोल करने के कई अच्छे मौके बनाए। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खेल के दौरान खिलाड़ियों ने पासिंग, ड्रिब्लिंग और रक्षात्मक खेल का अच्छा प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान दर्शकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।
मैच का संचालन फुटबॉल कोच राकेश पासवान के मार्गदर्शन में किया गया। रेफरी की जिम्मेदारी विनोद कुमार ने निभाई। अभ्यास मैच का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना और उनके खेल में सुधार करना रहा। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपना प्रदर्शन किया। इस मौके पर शौर्य, अजलान, आदित्य, मयंक, प्रतीक, शिवा समेत कई खिलाड़ी मौजूद रहे। मैच के बाद खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया।