बहराइच के केडीसी में क्रिकेट मैच में बैटिंग करता खिलाड़ी। - स्रोत : आयोजक
बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज मैदान में केडीसी क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित अंडर-14 चैंपियंस लीग का अंतिम लीग मुकाबला शुक्रवार को केडीसी रेड और केडीसी येलो के बीच खेला गया। मैच में केडीसी येलो ने दो विकेट से जीत दर्ज की, जबकि बेहतर नेट रन रेट के आधार पर केडीसी रेड की टीम फाइनल में पहुंच गई।
टॉस जीतकर केडीसी रेड ने पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। निर्धारित 50 ओवर के मैच में रेड टीम 15वें ओवर में ही 114 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कौस्तुभ मणि शुक्ला ने 17 रनों का योगदान दिया।
केडीसी येलो की ओर से अनंत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि शुभम चौरसिया ने तीन विकेट हासिल किए। 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करती येलो टीम ने 17वें ओवर में आठ विकेट खोकर 117 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आयुष यादव ने 31 रनों की उपयोगी पारी खेली।
मैच में मिली हार के बावजूद केडीसी रेड बेहतर नेट रन रेट के कारण फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही, जहां उसका सामना केडीसी ग्रीन से होगा। मुकाबले में अंपायरिंग प्रदीप गुप्ता और आशुतोष ने की, जबकि स्कोरर की भूमिका अंश शुक्ला ने निभाई।