बहराइच। दीवानी न्यायालय के सभाकक्ष में गुरुवार को जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव गहमागहमी के बीच हुआ। देर शाम शुरू हुये मतगणना के दौरान चुनाव में अध्यक्ष के पद पर केबी सिंह 277 मतों से जीते। जबकि महामंत्री पद पर अधिवक्ता मोहनमुरारी गौड़ चुने गए।
दीवानी न्यायालय के सभाकक्ष में गुरुवार को जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में मतदान सुबह 10 बजे से एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जगन्नाथ सिंह की देखरेख में काफी गहमा-गहमी के बीच शुरू हुआ।
शुरू में बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा। लेकिन 12 बजे के बाद मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गहमा-गहमी की स्थित बन गई। दोपहर बाद सवा तीन बजे तक चले मतदान के बाद 4 बजे से मतों की गिनती शुरू हुई।
अध्यक्ष पद पर कुंअर बहादुर सिंह ने 277 मतों से अपने प्रतिद्वंद्वी रामनारायण मिश्र को हराकर चुनाव जीत लिया। महामंत्री के पद पर मोहनमुरारी गौड़ ने 121 मतों से चुनाव जीता।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर तीन प्रत्याशी आमने सामने थे। इनमें से एहतशाम हैदर जाफरी 41 मतों से चुनाव जीते हैं। मध्य उपाध्यक्ष के दो पद पर एक महिला अधिवक्ता समेत तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
इस पद पर महिला प्रत्याशी पैकर जमाल और वकील बृजनंदन पांडेय उर्फ नीलू पांडेय ने चुनाव जीता। वहीं कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अजीत प्रताप सिंह उर्फ शेर सिंह के एक मात्र प्रत्याशी होने पर उन्हें निर्विरोध चुना गया।
ट्रेजरार, संयुक्त सचिव प्रशासन, संयुक्त सचिव पुस्तकालय, संयुक्त सचिव प्रकाशन पद के वोटों की गिनती चल रही है। चुनाव के दौरान एल्डर कमेटी के शोभाराम चौधरी, अवधेश रमन प्रताप सिंह, फारुक अहमद, निवर्तमान अध्यक्ष गयाप्रसाद मिश्र, महामंत्री श्रवण कुमार निगम, शशांक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
एल्डर कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव परिणाम की अधिकारिक घोषणा 18 दिसंबर को की जाएगी।