नानपारा में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांवरियाें को समझाते अधिकारी।
नानपारा। सरयू नदी के तकिया घाट पर रात्रि विश्राम के दौरान अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए रविवार शाम कांवड़ियों ने नानपारा तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कांवड़िये श्री नवयुवक कांवरिया संघ के बैनर तले द्वितीय जलाभिषेक के लिए मटेरा के श्री जंगलीनाथ मंदिर जलाभिषेक जा रहे थे।
उनका कहना था कि जलाभिषेक के लिए सरयू नदी से जल लेकर आगे की यात्रा करने के दौरान रात्रि विश्राम के लिए तकिया घाट पर पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की गईं। घाट पर रात्रि में विश्राम करने के लिए बिछावन की समुचित व्यवस्था नहीं थी। कांवरियों ने बताया कि घाट पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में रात के समय चिकित्सकों की उपलब्धता भी नहीं रहती। इससे रात्रि में किसी कांवड़िये की तबीयत खराब होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा नहीं मिलती।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पहुंचे तहसीलदार विकास कुमार ने कांवड़ियों की समस्याएं सुनीं तथा अगली कांवड़ यात्रा से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जलाभिषेक यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा में प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह पुलिस फोर्स के साथ पैदल चल रहे थे। इस मौके पर कांवड़िया संघ के बबलू सिंह, छत्रपाल वर्मा, राजेश प्रधान, कुलेराज, सोनू सिंह, जगत राम पटेल तथा संतोष वर्मा आदि मौजूद रहे।