बहराइच। शहर के साथ अब गांव के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का काम शुरू हुआ है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को अब एक्सरे कराने के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इसके लिए कैसरगंज व पयागपुर को डिजिटल एक्सरे की सुविधा प्रदान की गई है। मरीज सीएचसी पहुंचकर अब आसानी से एक्सरे करा सकेंगे।
कोहरे के कारण जिले में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। हादसे व मारपीट में घायलों को एक्सरे कराने के लिए निजी अस्पताल व जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। इसके साथ ही अन्य मरीजों को भी पैसे देकर एक्सरे कराना पड़ता था, जिससे गरीब तबके के लोगों को परेशानी होती थी। इन समस्याओं से मरीजों को छुटकारा दिलाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज व पयागपुर को डिजिटल एक्सरे की सुविधा प्रदान की गई है। यहां मरीजों को डिजिटल एक्सरे मशीन से कहीं अधिक स्पष्ट रिपोर्ट मिलने के साथ ही समय की भी बचत होगी।
डॉक्टरों को भी होगी सहूलियत
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि कुछ बीमारियां ऐसी होती हैं, जो साधारण मशीन में अच्छे तरीके से स्पष्ट नहीं हो पाती हैं। डिजिटल मशीन में छिपी कोई भी समस्या साफ-साफ दिख जाती है। जिससे मरीज का इलाज करने में डॉक्टर को भी आसानी होती है।
शेष सीएचसी के लिए भी कवायद
जिले के पयागपुर व कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को डिजिटल एक्सरे की सुविधा प्रदान की गई है। शेष 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुविधा प्रदान करने की कवायद चल रही है।
- डॉ. एसके सिंह, सीएमओ