इलाके में कॉम्बिंग के लिए निकलतीं हथिनी जयमाला व चंपाकली।
बिछिया। सुजौली रेंज में तेंदुए की बढ़ती घटनाओं के बाद वन विभाग ने निगरानी और कॉम्बिंग तेज कर दी है। रविवार को राजकीय हथिनी जयमाला और चंपाकली के साथ वनकर्मियों ने घुरेंपुरवा, टपरा बाजार, अयोध्यापुरवा समेत कई गांवों के आसपास गश्त की। हाथियों पर सवार वनकर्मियों ने गन्ने के खेतों और घनी झाड़ियों में हांका लगाकर तेंदुए की तलाश की। साथ ही उसे आबादी क्षेत्र से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया गया।
बीते दो दिनों में चारपाई पर सो रहे ग्रामीण पर तेंदुए के हमला करने समेत कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सुजौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग और एसटीपीएफ की संयुक्त टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। गांवों के आसपास तेंदुए की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
रविवार को हाथियों की मदद से उन स्थानों पर भी कॉम्बिंग की गई, जहां तेंदुए की मौजूदगी की आशंका है। वन विभाग ने ग्रामीणों से तेंदुए की गतिविधि की जानकारी तत्काल देने की अपील की है। वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से शाम के बाद अकेले बाहर नहीं निकलने और बच्चों को खेतों या सुनसान स्थानों पर अकेले नहीं भेजने की सलाह दी। फूस के मकानों में पर्याप्त रोशनी रखने और आसपास की झाड़ियों में जाने से बचने के लिए कहा।