बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार सुबह फर्ज की नमाज पढ़ कर घर लौट रहे नलकूप विभाग में तैनात एक सींचपाल की एक युवक ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के दौरान पीड़ित की चीख सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और हत्यारे को पकड़ लिया। मामले की जानकारी पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान सींचपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह-सुबह हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि हमलावर व मृतक आपस में रिश्तेदार हैं। आपसी रंजिश को लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। घटनास्थल का एएसपी ग्रामीण ने निरीक्षण किया व पुलिस को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मटेरा थाना क्षेत्र के अमवा मौलवी गांव निवासी राजकीय नलकूप विभाग में सींचपाल के पद पर तैनात वसीम (55) शुक्रवार की सुबह गांव के बगल एक मस्जिद से फज्र की नमाज अदा कर लौट रहे थे। तभी गांव के ही युवक इब्राहिम ने उनपर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। जिससे वसीम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान वसीम के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने हत्यारे को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मटेरा थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने मौके पर पहुंच कर हत्यारे को हिरासत में लिया। मौके पर पहुंचे एएसपी ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी ने पूरे मामले की जांच कर व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
मृतक के सगे साढ़ू का भाई है आरोपी
आरोपी इब्राहिम व मृतक वसीम रिश्तेदार हैं। आरोपी मृतक के सगे साढ़ू शमसुद्दीन का छोटा भाई है। ग्रामीणों का कहना है कि चाल-चलन सही न होने के कारण परिवार के लोग इब्राहिम से संबंध नहीं रखते थे। वहीं मृतक वसीम के परिवार में दो पुत्र जावेद व जुबेर और दो पुत्रियां सोफिया व शबाना हैं। केवल सोफिया का ही विवाह हुआ है। इनका बड़ा बेटा लखनऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। परिवार का भरण-पोषण मृतक के सहारे था।
मुंबई से चाकू लेकर आया था आरोपी
वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी व मृतक आपस में रिश्तेदार हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वसीम उसके परिवार को हमेशा परेशान करता था। इसके चलते उसने यह वारदात की है। आरोपी हिरासत में है, उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है। जो वह मुंबई से खरीदकर लाया था। मुंबई में ही उसने हत्या का प्लान बना लिया था। वह बृहस्पतिवार को यहां पहुंचा था। पुलिस प्रत्येक बिंदुओं की जांच कर रही है।
पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी ग्रामीण