बहराइच। एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 अगस्त को होगा। उपायुक्त उद्योग केशवराम वर्मा ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए जिले में गेहूं के डंठल से निर्मित कलाकृति और खाद्य प्रसंस्करण को चयनित उत्पाद के रूप में शामिल किया गया है। इनसे संबंधित प्रशिक्षण के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 अगस्त को पूर्वाह्न 11:30 बजे जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, बहराइच में होगा। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने की अपील की है। साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आधार और अनुभव संबंधी दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी।