बहराइच। लेखपाल भर्ती के लिए बुधवार से होने वाले साक्षात्कार को जिला प्रशासन ने ब्लॉक प्रमुख और एमएलसी चुनाव के कारण स्थगित कर दिया है।
अब यह इंटरव्यू 16 फरवरी से होगा। अचानक इंटरव्यू स्थगित होने से कलेक्ट्रेट पहुंचे अभ्यर्थियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
लेखपाल भर्ती परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कलेक्ट्रेट में तीन फरवरी से छह फरवरी तक चलना था। इसके लिए प्रशासन ने आवेदकों को बुलावा पत्र जारी किया था।
पहले दिन एक से सौ नंबर तक के आवेदकों को बुलाया गया था। बुधवार सुबह जब कलेक्ट्रेट में आवेदक पहुंचे, तो वहां नोटिस बोर्ड पर साक्षात्कार स्थगित होने का नोटिस चस्पा मिला।
16 फरवरी से इंटरव्यू होने की सूचना दर्ज थी। इस संबंध में एडीएम विद्याशंकर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अवकाश पर चल रहे थे।
वे बुधवार सुबह लौटे तो तहसील दिवस में व्यस्तता बढ़ गई। इसके अलावा ब्लॉक और एमएलसी चुनाव के कारण इंटरव्यू टाल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अब 16 फरवरी से इंटरव्यू होगा लेकिन इसके लिए अलग से कोई बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा।