भारत-नेपाल सीमा पर रुपईडीहा में स्थित आईसीपी पर खड़े ट्रक।
बहराइच/रुपईडीहा। पिछले तीन दिनों से लगातार खराब मौसम, तेज आंधी और बारिश के कारण पूरे जिले की इंटरनेट सेवा भी प्रभावित हुई है। इससे अब तक करीब लगभग 150 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जहां कॉमन सर्विस सेंटर तथा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन प्रभावित हुआ है वहीं भारत नेपाल सीमा पर आईसीपी के सामने मालवाहक भारी वाहनों की लाइन लगी हुई है।
बीते बृहस्पतिवार की शाम से अर्नव साइक्लोन का जो कहर शुरू हुआ वह रविवार सुबह तक जारी रहा। इस बीच लगातार बारिश व तेज हवाओं के कारण इंटरनेट सेवा भी ध्वस्त हो गई। इससे ऑनलाइन ट्राजैक्शन बाधित होने से बिक्री और खरीद पर असर पड़ा। वहीं कॉमन सर्विस सेंटर में भी कामकाज प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। एक कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक विवेक सिंह ने बताया कि दो दिन तक कोई काम नहीं हो पाया।
वहीं दूसरी तरफ 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मियों के हड़ताल की घोषणा से रविवार को भी बैंक खोले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से यहां भी काम-काज सुचारू रूप से नहीं चल पाया। ऐसे में लगभग सौ करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। रुपईडीहा स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) में पिछले दो दिनों से इंटरनेट सेवा बाधित रही। इससे आयात-निर्यात से जुड़ी प्रक्रिया प्रभावित हुई और करीब 50 करोड़ रुपये के व्यापार पर असर पड़ने की बात सामने आई है। कस्टम हाउस एजेंट (सीएचए) हसीब अहमद ने बताया कि इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण करीब 200 मालवाहक ट्रकों का निर्यात नहीं हो सका। ये ट्रक आईसीपी परिसर में ही खड़े रहे।