उर्रा (बहराइच)। मोतीपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की 13 बाइकों के साथ सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भारतीय क्षेत्र से बाइक चोरी कर उसका चेचिस नंबर बदल देेते थे। इसके बाद मोटरसाइकिलों को नेपाल में सस्ते दाम पर बेच देते थे। एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए मोतीपुर पुलिस की सराहना की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि मोतीपुर के गोपिया बैराज पुल के निकट मटेही मार्ग पर बाइक चोरों के गैंग के सक्रिय होने की जानकारी मिली। इस पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, अजय तिवारी, रवि प्रताप सिंह सेंगर की अगुवाई में पुलिस टीम ने मटेही मार्ग पर धरपकड़ शुरू की।
एसओ मनोज मिश्रा ने बताया कि बाइक चोरों के मिहींपुरवा कस्बे से होते हुए नेपाल की ओर जाने की सूचना मिली। जैसे ही मटेही मार्ग पर नेपाल सीमा के निकट पहुंचे, तभी एक बाइक सवार दिखा। उसे रोकने का प्रयास किया गया तो वह बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। बाइक के कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका। इस पर उसे हिरासत में ले लिया।
एसओ ने बताया कि पूछताछ में उसने चोरी की बाइक होने की जानकारी दी। उसने अपने अन्य साथियों के बारे में भी बताया। एसपी ने बताया कि चोरों की निशानदेही पर चोरी की 13 बाइक बरामद की गईं, जबकि चार चोरों को पकड़ लिया गया।
उनकी पहचान रमजान उर्फ मामा निवासी हरीपुरवा गुलरिया जगतापुर, अखिलेश कुमार पोरवाल निवासी दौलतपुर, राजेश यादव उर्फ गर्जा तथा छत्रपाल निवासी शोभापुरवा के रूप में हुई है। सभी आरोपियोें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि वे सभी अंतरराष्ट्रीय चोर हैं। आरोपी बाइक का चेचिस नंबर बदलकर उसे नेपाल में बेच देते थे। रमजान के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कई मुकदमे भी दर्ज हैं। यह गिरोह का सरगना था।
सरगना रमजान पर दर्ज हैं 10 मुकदमे
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाइक चोरी में पकड़े गए आरोपी रमजान उर्फ मामा पर पांच मुकदमे धौरहरा कोतवाली, चार केस सदर लखीमपुर व एक मुकदमा मोतीपुर थाने में दर्ज है। वह शातिर चोर है। वह पड़ोसी जनपदों से बाइक चोरी कर नेपाल में बिक्री करता था। चोरी की गई बाइकें गोंडा, लखीमपुर, श्रावस्ती, बहराइच आदि जनपदों की हैं। इनके मुकदमों की छानबीन की जा रही है, जिससे पंजीकृत वाहन स्वामी को बाइक देने की कार्रवाई की जा सके।