मिहींपुरवा के सेमरहना में आयोजित विद्यालय के वार्षिकोत्सव में मौजूद मुख्य अतिथि डीआईओएस व सीओ।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। सेमरहना में स्थित एसपीवीपी इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, स्वच्छता नाटक आदि कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय व सीओ अरुण चंद्र ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान डीआईओएस नेे छात्रों को संबोधित करते कहा कि छात्र बेहतर व उच्च शिक्षा हासिल कर अपना भविष्य संवार सकते हैं।
सीओ ने कहा कि शिक्षा से ही पीढ़ी व परिवार को सही रास्ते पर ले जाया जा सकता है। वार्षिकोत्सव में छात्रों ने पीटी, स्वच्छता पर नाटक, लोकगीत, खेलकूद, शारीरिक शिक्षा पर कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
छात्राओं ने सीमा पर तैनात जवानों के लिए देशभक्ति गीत संदेशे आते हैं, संदेशे जाते हैं और मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती मेरे देश की धरती आदि गीत प्रस्तुत किए। इस पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर प्रबंधक अनिल कुमार कुशवाहा, प्रधानाचार्य दुर्गेश कुशवाहा, चौकी इंचार्ज जालिमनगर हरीश सिंह, सत्यनरायन गुप्ता, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।