बहराइच। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों के साथ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को नदियों के जलस्तर पर नजर रखने और जलभराव या बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को कहा है।
डीएम ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने, बेवजह पानी में न जाने और बच्चों पर विशेष ध्यान देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, भारी बारिश और आंधी-तूफान से नगर क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने पर सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।
जिन मोहल्लों में पेयजल की दिक्कत है, वहां टैंकरों से नियमित पानी की आपूर्ति कराने के निर्देश दिए गए हैं।