प्रतियाोगिता के विजेता खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित स्व. सरदार जगतजीत सिंह स्मारक आल इंडिया वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन शनिवार देर शाम हो गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला इंडियन एयरफोर्स व हिमाचल प्रदेश के बीच खेला गया, जिसमें रोमाचंक मुकाबले में इंडियन एयर फोर्स ने 2-0 सेटों के अंतर से जीत हासिल की।
इंदिरा गांधी स्टेडियम में स्व. सरदार जगतजीत स्मारक समिति के तत्चावधान में चल रही आल इंडिया वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन शनिवार को गहमागहमी के बीच हुआ। देर शाम शुरू हुआ फाइनल मुकाबला इंडियन एयर फोर्स व हिमाचल प्रदेश की टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक व संघर्षपूर्ण मुकाबले में इंडियन एयर फोर्स की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मैच 2-0 सेटों के अंतर से जीत लिया।
मैच के समापन पर समिति के अध्यक्ष व प्रतियोगिता के आयोजक सुरेंद्रजीत सिंह प्रिंसी ने विजेता टीम को 75 हजार व उप विजेता टीम को 40 हजार रुपये नगद व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक आरएस सिंह, राष्ट्रीय निर्णायक उपेंद्र बहादुर सिंह व सुनील कुमार सिंह मैच के निर्णायक रहे। जबकि वॉलीबॉल के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय कोच बीएल यादव की देखरेख में प्रतियोगिता हुई। इस मौके पर समिति के महामंत्री संतोष सिंह, राजन सिंह, सरदार सरजीत सिंह, भगवान बख्श सिंह सेंगर, प्रेमनाथ तिवारी, विमलेश श्रीवास्तव, कैलाश यादव आदि मौजूद रहे।