बहराइच मेडिकल कालेज में दवा वितरण काउंटर पर लगी लाइन।
बहराइच। जिले का मौसम बदल गया है। सुबह-शाम ठंड होने लगी हैं। ऐसे में श्वांस व दिल के मरीजों की मुश्किलें भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी हैं। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी से लेकर इमरजेंसी में देर रात तक मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी, दवा, पर्चा काउंटर व पैथाेलॉजी में मरीजों की भीड़ जुट रही है। डाॅक्टर मरीजों से सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
शुक्रवार को दोपहर लगभग 12 मेडिकल कॉलेज के पर्चा काउंटर, पैथाेलॉजी, ओपीडी में मरीज व उनके तीमारदारों की भीड़ लगी रही। अपने आपको पहले दिखाने के लिए मरीज मशक्कत करते नजर आए। यही नजारा दवा काउंटर व इमरजेंसी में भी देखने को मिला। फिजीशियन की ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.अंशुमान सिंह श्रीनेत ने बताया कि ठंड शुरू हो गई है। श्वांस व दिल के मरीजों की संख्या में बढ़ी है। ओपीडी में आने वाले मरीजों का इलाज करने के साथ ही ठंड से बचने की सलाह दी रही है।
श्वांस के रोगी बरतें ये सावधानी
डॉ.अंशुमान ने बताया कि श्वांस के मरीज धूम्रपान न करें, ठंडे पेय पदार्थों को खाने से बचें। अत्यधिक श्रम न करें जिससे सांस फूलने लगे। समय -समय पर चिकित्सकों की राय लेते रहें। बाहर की चीजे खाने से परहेज करें। मिर्च-मसाले वाले भोजन को खाने से बचें।
दिल के मरीजों के लिए सावधानी
हृदय रोगी अधिक ठंड में टहलने से बचें। समय-समय पर अपने डॉक्टर से मेडिकल चेकअप कराते रहें। रात के समय हल्का और संतुलित भोजन करना चाहिए, जिसमें फल, सब्जियां, होल ग्रेन्स और लीन प्रोटीन शामिल हों। सोने से कम से कम दो घंटे पहले खाना खा लेना चाहिए ताकि पाचन अच्छी तरह से हो सके।