श्रावस्ती। बिजली की समस्या से जूझ रहे जिलेवासियों की दुश्वारियां दूर हो रही हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में ही इकौना में नवनिर्मित 32 केवीए उपकेंद्र का लोकार्पण व लक्ष्मननगर में विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया।
वहीं जमुनहा, लक्ष्मनपुर व भंगहा बाजार में भी 32 केवीए उपकेंद्र का भी शिलान्यास किया। इन योजनाओं को क्षेेत्रीय स्तर पर श्रावस्ती और भिनगा विधायक ने शनिवार को शिलापट से पर्दा हटाकर शुभारंभ किया।
इकौना में नवनिर्मित उपकेंद्र का लोकार्पण करने आए श्रावस्ती विधायक हाजी मोहम्मद रमजान ने कहा कि जिले में बिजली अनापूर्ति की समस्या गंभीर थी।
इसके निराकरण के लिए विधायकों के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति प्रदान कर नए उपकेंद्र निर्माण को हरी झंडी दिखाई गई है। इनके बन जाने से जिले वासियों की दुश्वारियां दूर होंगी।
इकौना उपकेंद्र से क्षेत्रवासियों को अबाध विद्युत आपूर्ति मुहैया होगी। श्रावस्ती विधायक ने लक्ष्मननगर में 32 केवीए उपकेंद्र के शिलान्यास पट से भी पर्दा हटाया।
वहीं, भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा ने लक्ष्मनपुर, भंगहा बाजार व जमुनहा बाजार में 32 केवीए विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास पट खोला।
लक्ष्मनपुर में भिनगा विधायक ने कहा कि हमारी सरकार आमजन को मूलभूत सुविधा मुहैया कराने के लिए पूरी तरह गंभीर है।
नए उपकेंद्र के बन जाने से तराई क्षेत्र समेत समूचे जिले को लाभ मिलेगा। इस मौके पर अधिशासी अभियंता नंदलाल, एसडीओ भिनगा विजय कुमार, दिवाकर शुक्ला व अकाउंटेंट जेपी आजाद समेत काफी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं इकौना में एसडीओ शांत शेखर श्रीवास्तव व राम कुमार शुक्ला समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।