कतर्नियाघाट पर बंधा मार्ग से गुजरता हाथियों का झुंड। - स्रोत : पर्यटक
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में पर्यटन सत्र शुरू होते ही सैलानियों को वन्यजीवों के दीदार होने लगे हैं। जंगल सफारी के दौरान हाथियों के झुंड और बाघ दिखाई देने से पर्यटकों का रोमांच बढ़ रहा है। सोमवार को लखनऊ और सिद्धार्थनगर से आए सैलानियों ने भी वन्यजीव देखे।
लखनऊ के गोमतीनगर निवासी राजेंद्र कुमार और हिमांशु परिवार के साथ सोमवार को कतर्नियाघाट पहुंचे। कतर्नियाघाट रेंज में बंधे के पास उन्हें हिरनों का झुंड और हाथी दिखाई दिए। वहीं, सिद्धार्थनगर निवासी राजकुमार परिवार के साथ रिश्तेदारी में बहराइच आए थे। सोमवार को वे भी कतर्नियाघाट घूमने पहुंचे।
सफारी मार्ग पर झुरमुट में अचानक बाघ दिखाई देने से परिवार के लोग सहम गए। राजकुमार ने बताया कि वे बाघ की तस्वीर लेने की कोशिश करते, इससे पहले ही वह घने जंगल में चला गया।
वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि इस बार ज्यादातर पर्यटकों को वन्यजीवों के दीदार हो रहे हैं। यह पर्यटन के लिहाज से सुखद है।