मुठभेड़ के बाद घायल को ले जाती पुलिस। :स्रोत विभाग
बहराइच/खैरीघाट। खैरीघाट इलाके में मंगलवार की आधी रात पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही बाइक सवार ने फायरिंग कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में जा लगी। उसको मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया युवक चोरी समेत कई अपराधों में शामिल रहा है।
पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने बताया कि खैरीघाट थाने की पुलिस को मंगलवार रात करीब एक बजे सूचना मिली थी कि विभिन्न आपराधिक मामलों में काफी समय से वांछित आरोपी मुनव्वर पुरवा निवासी नूर मोहम्मद चोरी और नकबजनी का सामान बेचने के लिए इमामगंज-सोहबतिया मार्ग से जाने वाला है। इस पर पुलिस टीम ने सोहबतिया बाग मोड़ पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।
उसी दौरान बाइक से आ रहे नूर मोहम्मद को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन रुकने के बजाय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी नूर मोहम्मद के दाहिने पैर में गोली लगी।
थानाध्यक्ष खैरीघाट ने बताया कि नूर मोहम्मद के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से एक तमंचा बरामद किया। घायल आरोपी को पहले सीएचसी शिवपुर ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
10 हजार का इनामी भी है नूर मोहम्मद
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एनकाउंटर में पकड़े गए नूर मोहम्मद पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस को उसकी तलाश काफी दिनों से थी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। रात में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो नूर मोहम्मद पकड़ा गया।