हिंदू महासभा के एक नेता द्वारा की गई बयानबाजी के चलते शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क उठे। नानपारा में लोगों ने दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। जुलूस भी निकाला। वहीं जरवल में सभा कर जुलूस निकाला गया। सभी हिंदू नेता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे फांसी पर लटकाने की मांग कर रहे हैं। नानपारा में हिंदू नेता के पुतले की पिटाई कर समुदाय के लोगों ने अपना आक्रोश जताया। इसके बाद ज्ञापन सौंपकर संगठन पर प्रतिबंध लगाने की आवाज उठाई गई। इस दौरान दोनों स्थानों पर अफरातफरी तक रही। नानपारा में तो प्रतिबंध के बावजूद जुलूस निकालने के चलते सीओ को चेतावनी तक देनी पड़ी।
हिंदू महासभा के अध्यक्ष कमलेश तिवारी द्वारा बीते दिनों बयानबाजी की गई थी। इस बयानबाजी से मुस्लिम समुदाय के लोग आहत हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में शुक्रवार को नानपारा नगर में बंद का आह्वान किया गया था। उसी के तहत सुबह से ही नानपारा की दुकानें बंद रहीं। बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। प्रदर्शन और जुलूस की भनक लगने के चलते एसएसबी के साथ ही सुजौली, मोतीपुर, मुर्तिहा, रामगांव, कैसरगंज समेत आठ थानों की पुलिस भी तैनात की गई थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद दोपहर में नगर में स्थित सआदत पैलेस के निकट राजा बाजार मस्जिद में समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़ी। फिर पैलेस सभागार में सभा की। सभा को संबोधित करते हुए मौलाना मोइनुद्दीन कादरी, जफर कलाम, गुलाम नबी, हुसैन रजा, रफीक, कयूम, शरीफ आदि ने बयानबाजी करने वाले हिंदू नेता कमलेश तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की आवाज उठाई। सभी ने बयान की निंदा करते हुए उन्हें फांसी पर लटकाए जाने की मांग की। सभा के बाद उप जिलाधिकारी अमिताभ यादव को ज्ञापन सौंपा गया। लेकिन इस दौरान समुदाय के युवा वर्ग ने इमामगंज चौराहे पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। जुलूस भी निकाला। जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई। सीओ भरत यादव ने लाउडस्पीकर से जब एनाउंस कर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। तब किसी तरह जुलूस पर नियंत्रण पाया जा सका लेकिन इसी दौरान जुलूस निकाल रहे युवाओं ने कमलेश तिवारी के पुतले पर जूते-चप्पल बरसाये।
उधर जरवल कस्बे में नमाज के बाद अचानक मस्जिदों से समुदाय के लोग बहराइच-लखनऊ मार्ग पर पहुंच गए जिससे जाम की स्थिति बन गई। यहां भी सभी प्रदर्शनकारी हिंदू महासभा के अध्यक्ष के बयान को लेकर आक्रोशित थे। प्रदर्शन के बाद जुलूस नारेबाजी करता हुआ ईदगाह मैदान पहुंचा। जहां सभा हुई। सभा को ऑल इंडिया मुस्लिम काउंसलिंग के सचिव मौलाना अहमद बेग नदवी, प्रदेश अध्यक्ष मौलाना अखलाक के अलावा ईदगाह के इमाम हाफिज मोईद अहमद, चेयरमैन मोहम्मद अनीस रायनी, सलमान आदि ने संबोधित किया। यहां भी प्रदर्शनकारी तख्तियां हाथ में लिए हुए विरोध जता रहे थे।
श्रावस्ती में भी हुआ विरोध प्रदर्शन : पेज 4 पर f