बहराइच । दीपावली पर्व पर किसी भी आपात स्थिति में 108 नंबर डॉयल करें, तुरंत सहायता पहुंच जाएगी। 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाएं पूरे जिले में 24 घंटे सतर्क रहकर निशुल्क आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। जिले की सभी 37 एंबुलेंस (108 सेवा) तथा 41 एंबुलेंस (102 सेवा) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सभी एंबुलेंसों में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं, जलने पर उपयोगी बर्न किट, ठंडे पैक व अन्य जरूरी सामग्रियां उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक एंबुलेंस के स्टाॅफ को निर्देशित किया गया है कि किसी भी आपात सूचना पर स्थल पर पहुंचकर मरीज को निकटतम अस्पताल तक पहुंचाएं।
108 एंबुलेंस विशेष रूप से चिह्नित स्थानों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, थानों एवं मुख्य बाजारों के आसपास तैनात रहेंगी। वहीं 102 एंबुलेंस गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे संचालित रहेंगी।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जिले की सभी एंबुलेंसों व अन्य वाहनों में आवश्यक दवाओं, उपकरणों एवं प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति जैसे पटाखों से जलने, सड़क दुर्घटना, दिल का दौरा, सांस लेने में तकलीफ, अचानक बेहोश होने, बुखार, जानवरों के काटने या आग लगने जैसी परिस्थिति में तुरंत 108 पर कॉल करें। एंबुलेंस सेवा 24 घंटे सहायता के लिए तत्पर है।