बहराइच। आयुष्मान भारत योजना के तहत जारी किये जा रहे गोल्डन कार्डों की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। इस दौरान डीएम ने कार्डों के जारी होने में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई, साथ ही अधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया। वहीं, डीएम ने बैठक में गैरहाजिर रहने पर दो प्रभारी चिकित्साधिकारियों और बीसीपीएम को ठीक से जवाब नहीं देेे पाने पर वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
बैठक के दौरान कार्डों के निर्गमन की अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी शंभु कुमार ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह को निर्देश दिया कि कार्डों के निर्गमन की प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति में अपेक्षित सुधार लाएं। मुख्य चिकित्साधिकारी को यह भी निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्डों को जारी कराने में रुचि न लेने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भी की जाए।
समीक्षा बैठक से अनुपस्थित पाये जाने पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी तेजवापुर डॉ. अभिषेक अग्निहोत्री व रिसिया के डॉ. एके श्रीवास्तव का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। इसके अलावा बैठक में मौजूद बीसीपीएम तेजवापुर रोहित कुमार की ओर से संतोषजनक विवरण प्रस्तुत न किये जाने पर इनका भी वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विकास खंडवार व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रवार योजना की समीक्षा करते हुए सीएमओ को निर्देश दिया कि सर्वप्रथम बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों को आच्छादित किया जाए ताकि प्रगति में अपेक्षित सुधार हो। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार चौहान, पीडी अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।