जरवल (बहराइच)। जरवल नगर में 45 किलो की यूरिया की बोरी पर 30 रुपए ज्यादा वसूले जा रहे हैं। किसानों ने इसका विरोध करते हुए जिला कृषि अधिकारी से शिकायत की पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाराज किसानों ने सोमवार को डीएम को पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो हाईवे पर प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा।
प्रदेश सरकार ने 45 किलोग्राम यूरिया की कीमत 266.50 रुपये निर्धारित की है। जबकि किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया नहीं मिल रही हैं। जरवल नगर के किसान फरीद अहमद, रकीब अहमद, कृष्णकुमार, नंगू, ताज मोहम्मद, जाबिर आदि ने बताया कि खाद दुकानदार 30 रुपये ज्यादा वसूल रहा है।
कई बार इसकी शिकायत एसडीएम व जिला कृषि अधिकारी से की गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को काफी संख्या में किसान नगर में एकत्रित हुए। सभी ने हस्ताक्षरित पत्र जिलाधिकारी को भेज जांच कराने और दुकानदार पर कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो लखनऊ-बहराइच राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी जिला कृषि अधिकारी की होगी। जिला कृषि अधिकारी रामशिष्ट के मुताबिक निर्धारित से ज्यादा मूल्य पर खाद बेचना गलत है। शिकायत मिली है जल्द जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।