बहराइच। थारू छात्रा पर तेजाब फेंकने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक मस्जिद के इमाम समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है। इमाम मूल रूप से सुल्तानपुर का रहने वाला है। वहीं, थारू जनजाति समाजोत्थान समिति ने पुलिस पर गंभीर मामले में लापरवाही का आरोप लगाकर थाने के घेराव की चेतावनी दी है। समिति के सदस्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलेंगे। ऐसे में मामला अब तूल पकड़ने लगा है।
सुजौली क्षेत्र निवासी थारू समाज की स्नातक की छात्रा पांच नवंबर से अचानक हिजाब पहनकर विद्यालय आने लगी। धर्म परिवर्तन की आशंका में विद्यालय प्रशासन ने पूछताछ की। छात्रा ने बताया कि मौलाना व एक युवक उसपर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहे हैं। उनसे बचने के लिए वह हिजाब पहन रही है।
मामले को डीजीपी ने भी संज्ञान लिया। कोतवाली देहात पुलिस ने जांच की। रिपोर्ट भेजकर मामले से किनारा कर लिया। इस बीच सहमी छात्रा पढ़ाई छोड़कर गांव चली गई, जहां थारू समाज की ओर से अब तक तीन बार पंचायत हो चुकी है। इस बीच छात्रा ने बिछिया बाजार निवासी इमाम और युवक की जानकारी दी। बताया कि दोनों उसे लगातार परेशान कर रहे हैं।
इसके बाद थारू जनजाति समाजोत्थान समिति सक्रिय हुई। समिति के अध्यक्ष बेचन चौधरी, महामंत्री करन सिंह और कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार ने सुजौली थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश चंद्र शर्मा को पत्र देकर बताया कि संबंधित प्रकरण के सभी साक्ष्य उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब तक आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में अब समिति बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, महराजगंज और लखीमपुर खीरी में एक साथ धरना प्रदर्शन करेगी।-
पीड़िता के बयान के बाद भी जांच नहीं बढ़ी आगे
अमर उजाला ने छह नवंबर को ही इस मामले को प्रकाशित किया था। इसके बाद कोतवाली देहात पुलिस, एलआईयू, स्पेशल ब्रांच और आईबी हरकत में आई, लेकिन आरोपी बेनकाब नहीं हो सके। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में भी तेजाब फेकने की धमकी की जानकारी दी थी, लेकिन जांच बेनतीजा रही।
-
दो के खिलाफ की गई कार्रवाई
गांव पहुंचकर जांच की गई है। पंचायत में मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के भी बयान लिए गए हैं, लेकिन उसने अपने बयान में सभी बातों को नकारा है। इसके बाद भी शांतिभंग की आशंका में बिछिया में रह रहे सुल्तानपुर निवासी मौलाना महताब और बिछिया बाजार निवासी सुल्तान का चालान किया गया है।
प्रकाश चंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक सुजौली