जमुनहा(श्रावस्ती)। गांवों की सार्वजनिक संपत्तियां दबंगों के निशाने पर हैं। आए दिन कब्जे की घटनाएं हो रही हैं। उन जमीनों पर लगे बेशकीमती पेड़ भी काटकर बेचे जा रहे हैं। इसके बावजूद न तो कब्जा हटाया जा रहा है और न ही उसे सुरक्षित कराया जा रहा है।
गांवों में ग्राम समाज, नवीन परती व खलिहान आदि की भूमि पर गांव के ही प्रभावशाली लोग कब्जा करने में जुटे हैं। खाली पड़े घूर गड्ढा आदि की भूमि पर दबंग कब्जा कर स्थाई व अस्थाई निर्माण भी करा रहे हैं। गांव के तालाब की भूमि को भी कब्जा करने की होड़ मची है।
जमुनहा के ग्राम कुंडा के मजरा दमोदरा में तीन तालाब हैं। जिसके चारों तरफ दबंगों ने कब्जा कर रखा है। शनिवार रात तालाब किनारे लगे एक शीशम व एक गुलर के पेड़ को काट दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम सौरभ शुक्ला से की। उनके निर्देश पर नायब तहसीलदार शुभम तिवारी व हल्का लेखपाल रामपाल यादव ने तालाब की पैमाइश कराकर कब्जेदारों को तीन दिन में कब्जा हटाने का निर्देश दिया है। इसके बावजूद न तो कब्जा हटा है और न ही काटा गया पेड़ सुरक्षित कराया गया है। एसडीएम का कहना है कि यदि तीन दिन में कब्जा न हटा तो जेसीबी से हटाया जाएगा।