वीरेंद्र श्रीवास्तव
बहराइच। शासन की ओर से जिले को सौंपी गईं 20 बीएस-6 बसों में यदि चालक को झपकी आती है तो अलार्म बज उठेगा। बस की स्पीड लिमिट भी 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। इसमें लगी डिवाइस चालक इससे तेज गति से बस नहीं चलाने देगी। रोडवेज प्रशासन इन हाईटेक बसों को लंबी दूरी पर संचालित कराने की तैयारी में है।
बसाें से होने वाले हादसे रोकने की शासन स्तर से कवायद की जा रही है। इसी के तहत रोडवेज प्रशासन धीरे-धीरे पुरानी बसों को हटाकर नई बीएस-6 बसों का संचालन करने की व्यवस्था में जुटा है। जिला मुख्यालय रोडवेज बस अड्डे को कुंभ से 10 बीएस-6 बसें मिली थीं, जबकि रूपईडीहा बस अड्डे से पांच बसों का संचालन हो रहा है। बीते दिनों निगम प्रशासन ने जिले के रोडवेज बस अड्डे के बेड़े में पांच और बीएस-6 बसों को शामिल किया है। इन हाईटेक बसों में यात्रियों, चालक व परिचालक की सुरक्षा व सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इन बसों की सीट में गैपिंग होने से यात्रियों को लंबी दूरी में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वहीं, यदि चालक को झपकी आती है तो चालक की सीट के पास लगे सेंसर से अलार्म बजने लगेगा। इसके अलावा बस की प्रत्येक दो सीट छोड़कर पैनिक बटन लगाए गए हैं। आपातकाल स्थिति में यात्री इस बटन का उपयोग कर सकेंगे। रोडवेज प्रशासन अभी हाल ही मिलीं पांच नई बसों की परमिट समेत अन्य कागजातों की तैयारी पूरी करने में जुटा हुआ है। कागजात पूरे होने के बाद निगम प्रशासन बसों का रूट तय कर इनका संचालन शुरू कर देगा।
बस में होता है यूरिया का प्रयोग
भारत स्टेज-6 बस के संचालन में पर्यावरण का भी पूरा ध्यान रखा गया है। बस डीजल से तो संचालित होती है, लेकिन इंजन के स्टार्ट होने के बाद बस से निकलने वाले धुएं को फिल्टर करने के लिए यूरिया का प्रयोग किया जाता है।
कुंभ मेले से पूर्व दस बीएस-6 बसों की खेप मिली थी। वहीं, दो दिनों में पांच नई बीएस-6 बसों की खेप मिल गई है। अब शीघ्र ही बस अड्डे से 15 हाईटेक बसों का संचालन होने लगेगा। इन बसों में यात्रियों के साथ चालक व परिचालक की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। -ज्ञानचंद, एआरएम रोडवेज बस अड्डा बहराइच
अंतरराष्ट्रीय रूपईडीहा बस अड्डे से पांच बीएस-6 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों में पैनिक बटन की तो सुविधा है। साथ ही चालकों को अलर्ट करने का सेंसर भी लगाया गया है। इससे अगर चालक को झपकी आती है तो अलार्म बजने लगेगा। -राम प्रकाश, एआरएम रूपईडीहा डिपो
...................