बहराइच। निगम मुख्यालय प्रशासन ने बस पर बिना टिकट यात्रा कराने पर जिम्मेदारों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी शुरू की है। जांच के दौरान जिस एआरएम के क्षेत्र की बस में पांच या पांच से अधिक यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए मिलेंगे, तो संबंधित परिचालक के साथ क्षेत्र के एआरएम पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निगम की बसों में परिचालकों द्वारा की जा रही चोरी पर अब निगम मुख्यालय प्रशासन ने एआरएम की भी जवाबदेही तय कर दी है। हालांकि यह नियम काफी पहले से चला आ रहा था, लेकिन इसको धरातल पर अमल में नहीं लाया जा रहा था। क्षेत्रीय प्रवर्तन दलों द्वारा मार्ग पर बसों की जांच के दौरान कई बार परिचालक यात्रियों को बिना टिकट यात्रा कराते हुए मिल चुके थे, लेकिन महज परिचालकों पर ही कार्रवाई कर कागजी खानापूर्ति कर रहे थे। जबकि नियमत: संबंधित क्षेत्र के एआरएम पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए थी। इसको गंभीरता से लेत हुए अब निगम मुख्यालय प्रशासन ने निर्देशों को सख्ती के साथ पालन कराने का निर्देश जारी किया है। निगम प्रशासन ने मंडल के आरएम देवीपाटन मंडल को स्पष्ट निर्देश दिया है कि निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देशों को सख्ती के साथ लागू करें और की गई कार्रवाई को प्रधान प्रबंधक प्रवर्तन को भी अवगत कराएं।
लापरवाही पर क्षेत्रीय प्रवर्तन दल पर होगी कार्रवाई
परिवहन निगम के अपर प्रधान प्रबंधक ने निर्देश दिया है कि मुख्यालय प्रवर्तन दल द्वारा अब तक जो भी कार्रवाई की गई है, उसमें संबंधित एआरएम के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं मामले में हीलाहवाली पर क्षेत्रीय प्रवर्तन दल के कार्मिकों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए अगले तीन वर्षों तक प्रवर्तन के कार्य से वंचित करें।