बहराइच । स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। डीएम ने सचेत किया कि यदि कोई भी सरकारी चिकित्सक निजी नर्सिंग होम में कार्य करता हुआ पाया जाता है उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
नियमित टीकाकरण की समीक्षा के दौरान आरसीएच व एचएमआईएस सहित अन्य पोर्टल पर फीडिंग न कराने वाले प्रभारी चिकित्साधिकारियों के कार्यों में सुधार न पाये जाने पर संबंधित को प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ दो वेतन वृद्धि बाधित करने के दंड से दंडित किया जाएगा। डीएम ने सुझाव दिया कि इंकारी वाले क्षेत्रों में टीकाकरण सत्रों का शुभारंभ धर्मगुरुओं से करया जाय। इससे लोगों में स्वीकार्यता बढ़ेगी।
सीएचसी कैसरगंज में रात्रि कालीन सीजर ऑपरेशन की सुविधा प्रारंभ होने, तेजवापुर में जनसंख्या पखवाड़ा के दौरान 22 नसबंदी कराये जाने तथा उच्च स्तर पर नियमित टीकाकरण के जीयो टैगिंग मैपिंग की सराहना होने पर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग के अच्छे कार्यों को प्रोत्साहित किया जाय। इस मौके सीएमओ डॉ. एसके सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चौधरी, जिला विकास अधिकारी महेंद्र कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकांत पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज समेत अन्य मौजूद रहे।