फखरपुर। मुड़की गांव में बृहस्पतिवार को उम्मेसलमा (19) ने मायके में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि सुबह फोन पर विवाद के बाद पति ने उसे तीन तलाक दे दिया था। इससे आहत होकर कुछ घंटे गुमसुम रही फिर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार उम्मेसलमा का निकाह चार माह पहले फखरपुर थाना के सिंगाही टपरी गांव निवासी रमजान अली के साथ हुआ था। अभी उसकी विदाई नहीं हुई थी और वह मायके में ही रह रही थी। बृहस्पतिवार सुबह पति-पत्नी के बीच फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद पति द्वारा फोन पर तीन तलाक दिए जाने की बात परिजनों ने बताई।
पिता एखलाक ने बताया कि फोन आने के बाद काफी देर तक बेटी उम्मेसलमा गुमसुम रही, इसके बाद मां को पूरे मामले की जानकारी देने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर मां व परिवार के अन्य सदस्यों ने आवाज देना शुरू किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो उम्मेसलमा पंखे के सहारे फंदे से लटकी मिली। उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर फखरपुर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी रामकुमार राजभर ने बताया कि निकाह हुआ था, लेकिन विदाई नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।