बहराइच। रिसिया निवासी एक व्यक्ति का सिपाही द्वारा उत्पीड़न किए जाने के मामले में मानवाधिकार आयोग ने एसपी को 27 जुलाई को तलब किया है। पूरे मामले की रिपोर्ट भी मानवाधिकार आयोग ने मांगी है।
रिसिया थाना क्षेत्र निवासी नूर मोहम्मद कुछ माह पूर्व अपने मकान का निर्माण करा रहा था।
निर्माण के दौरान रिसिया थाने के सिपाही कुलदीप ने पहुंचकर उसके छज्जे की सरिया को मोड़ दी और इसके बाद उसे अन्य तरीकों से प्रताड़ित किया गया।
इस मामले की शिकायत उसने एसपी से लेकर सभी अधिकारियों से की थी। कार्रवाई नहीं होने पर उसने मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद मानवाधिकार आयोग ने एएसपी से जांच कराने के बाद जांच रिपोर्ट तलब की थी।
एसपी ने एएसपी को जांच सौंपी थी लेकिन निवर्तमान एएसपी श्रीपति मिश्रा ने सीओ रिसिया से जांच करा दी।
जांच रिपोर्ट मिलने पर आयोग ने एसपी से फिर से पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश देते हुए पूरे रिपोर्ट के साथ 27 जुलाई को तलब किया है।