बहराइच। शासन की ओर से फ्री जांच कराने का निर्देश दिया गया है। उसी के तहत एंटीजन टेस्ट फ्री में किया जा रहा है। 15 दिन में 2465 लोगों ने फ्री जांच कराई है। इनमें 335 कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, लैब को महिला पीजी कॉलेज से आयुर्वेदिक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। उधर, शुक्रवार से शहरी क्षेत्र में घर-घर जांच कराने के लिए दो वाहन रवाना हुए हैं। लोग घर पर ही फ्री जांच कराकर कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट ले सकते हैं।
सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि एक अगस्त से महिला डिग्री कॉलेज में एंटीजन टेस्ट शुरू हुआ। 15 दिन चले अभियान में अब तक 2465 लोगों का एंटीजन टेस्ट हुई, इनमें 335 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोविड-19 के नगर प्रभारी डॉ. पीके वर्मा ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन की ओर से अस्थायी लैब संचालित करने का विरोध किया गया।
इस पर लैब को विकास भवन रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में लैब स्थापित किया गया है। अब शहर व जिले के लोग आयुर्वेदिक अस्पताल जाकर फ्री में जांच करा सकते हैं। डॉ. पीके वर्मा ने बताया कि नगर क्षेत्र में कोरोना कुछ ज्यादा फैल रहा है। इसको देखते हुए दो वाहन शुक्रवार से नगर क्षेत्र में भ्रमण के लिए रवाना हुए। यह वाहन घर-घर जाएंगे। कर्मचारी नगरवासियों का फ्री में एंटीजन टेस्ट करेंगे। ऐसे में नगर क्षेत्र के लोग वाहन के पहुंचने पर फ्री जांच कराएं।