होली के मौसम में रंगों के सपने
सपनों के रंगों में भीगे सब अपने
सुख-दुख आए-जाए बने रहें अपने
अपनों के साथ सदा सजे रहें सपने।
बहराइच। होली की खुमारी शहर से लेकर गांव तक छायी है। गुझिया, गुलाल और भांग की तैयारियां लोगों ने कर ली हैं। पर्व के एक दिन पहले मंगलवार को ही चौक-चौराहों पर रंगों की बौछार हुई।
बुरा ना मानो होली है... कहकर बच्चों ने घर से निकले लोगों पर खूब रंग बरसाया। भोर में परंपरा के मुताबिक होलिका जलाई गई। टोलियों में होरियारों ने होलिका दहन स्थल पर फाग गाया। एक दूसरे को होली की बधाई दी।
होली को लेकर हर किसी में उत्साह देखते ही बन रहा है। मंगलवार सुबह 10 बजते-बजते बच्चे, किशोर और युवा रंग खेलते हुए सड़कों पर उतर आए और एक-दूसरे को रंगों से सराबोर किया।
शहर के डिगिहा तिराहा, अस्पताल चौराहा, इलाहाबाद बैंक चौराहा, घंटाघर, छावनी चौराहा, पीपल चौराहा, सलारपुर, फ्रीगंज, पुलिस लाइन समेत अन्य मोहल्ले में जमकर होली खेली गई। अन्य विकासखंड क्षेत्रों में भी लोगों में उल्लास दिखा।
बाजारों में भी भारी भीड़ उमड़ी। मेवे, मिठाइयां, कपड़े व रंगों की दुकान पर खरीददारों का तांता लगा रहा। देर रात तक बाजारें गुलजार रहीं। चौक-चौराहों व गलियों में सजी रंग तथा पिचकारी की दुकानों पर बच्चों और युवाओं की खासी भीड़ नजर आई। भारी भीड़ के चलते छावनी बाजार से चौक बाजार तक रह-रहकर जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती रही।
शाम ढलते ही होलिका की विधिविधान से पूजा हुई। जगह-जगह होलिका दहन भोर में भद्रा की समाप्ति के बाद भोर 3:19 बजे शुरू हुआ। गांव, शहर व कस्बों में होलिका दहन स्थल पर होरियारे ढोलक की थापों पर थिरकते व फाग गाते हुए पहुंचे। गेहूं की बालियां भूनने के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाइयां दीं।
24 घंटे बिजली-पानी, साफ-सफाई भी रहेगी दुरुस्त
बहराइच। होली पर्व पर नगर पालिका अध्यक्ष हाजी रेहान खान ने अधिशासी अधिकारी व प्रतिनिधि केके सक्सेना के साथ शहर के मोहल्लों में स्थापित होलिका दहन स्थल का निरीक्षण किया। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि होली के अवसर पर 24 घंटे जलापूर्ति की जाएगी।
इसके लिए शहर के मुख्य छह पंपों पर जनरेटर की व्यवस्था कराई गई है। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि होली में शहरवासियों को जलापूर्ति की दिक्कत से नहीं जूझना पड़ेगा।
दिक्कत हो तो इस नंबर पर करें कॉल
होली पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट स्थित ई-गवर्नेंस सेल में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। इसका दूरभाष नंबर 05252-233471 तथा टोल फ्री नंबर 1800 180 5260 है। कंट्रोल रूम के प्रभारी ई-डिस्ट्रिक मैनेजर सुमित तिवारी ने बताया कि कंट्रोल रूम 24 मार्च तक राउंड द क्लॉक कार्य करेगा।
इमरजेंसी में मुस्तैद रहेंगे चिकित्सक
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केबी जैन ने बताया कि सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्यकेंद्रों पर चिकित्सक और स्टाफ होली के मौके पर 24 घंटे मुस्तैद रहेगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. माहेश्वरी पांडेय ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के लिए दो एंबुलेंस तैयार हैं। इमरजेंसी में चार चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। आपातकाल के लिए अतिरिक्त 10 बेड का भी इंतजाम किया गया है।