नानपारा(बहराइच)। नगर के एक चर्च में हिंदू देवी-देवताओं को अपशब्द कहने और ईसाई धर्म के प्रति प्रेरित करने की चर्चा सामने आते ही हिंदू संगठन भड़क उठे और कोतवाली जा पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कोतवाली में तहरीर दी और धर्म परिवर्तन की साजिश के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सीओ ने तहरीर के बाद जांच का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत करवाया।
हिंदू समाज की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि ईसाई धर्म के प्रति प्रेरित करने के लिए रविवार को नानपारा के सआदत इंटर कॉलेज के पास स्थित भग्गापुरवा में ईसाई मिशनरी की ओर से प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। गांव में स्थित चर्च में सैकड़ों हिंदू महिलाएं व पुरुष सुबह नौ बजे इकट्ठा हुए। इस दौरान हिंदू धर्म व हिंदू देवी देवताओं को लेकर अपशब्द कहे गए।
विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के अवध प्रांत के विभाग संयोजक दीपक श्रीवास्तव ने आरोप लगाते हुए बताया कि भग्गापुरवा चर्च में अनिल कुमार, मालती देवी, रामनारायण, आकाश, बच्छराज, ननके आदि लोग ने संगठित होकर हिंदू धर्म के देवी-देवताओं को अपशब्द कहे। मौके पर पहुंचे सीओ राहुल पांडेय ने तहरीर लेते हुए जांच करवाकर सख्त कार्यवाई का आश्वासन दिया है। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान पंकज जायसवाल, अंकित पांडेय आदि मौजूद रहे।