नवाबगंज में रविवार को निकाली गई जन आक्रोश रैली में शामिल हिंदू संगठनों के लोग।
नवाबगंज/चरदा (बहराइच)। बांग्लादेश में हिंदुओं व हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने से नाराज हिंदू संगठनों ने रविवार को नवाबगंज कस्बे में जनाक्रोश रैली निकाली। रैली में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले को रोकने की मांग की। जनाक्रोश रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और ड्राेन कैमरे से निगरानी की गई।
बांग्लादेश में हिंदुओं के प्रति हो रही हिंसा को लेकर जिले के हिंदू संगठनों में उबाल है। रविवार को नवाबगंज कस्बे में हिंदू संगठनों की ओर से जनाक्रोश रैली निकाली गई। जिसमें समाजसेवी, बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद समेत अन्य हिंदू संगठनों के लोग शामिल हुए। जनाक्रोश रैली की शुरुआत जवाहर लाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज से हुई और बस अड्डा, हज्जिन मस्जिद चौराहा, थाना रोड, चौक घंटाघर, छावनी चौराहा, बक्शी गांव रोड होते हुए मुख्य चौराहा पहुंची।
इस दौरान सभी ने बांग्लादेश सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और अंतरराष्ट्रीय संगठन व भारत सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा की मांग की। इस दौरान एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी सीओ नानपारा प्रद्युम्न सिंह के साथ सुरक्षा की कमान संभाले रहे। पुलिस ने ड्रोन से भी रैली पर नजर रखी। इस दौरान मनीष पांडेय, अरुण राव, आशीष त्रिपाठी, अनूप मिश्रा, पप्पू वर्मा, दाता राम वर्मा, रमेश कुमार, अनुज पांडेय, अनिल सोनी आदि मौजूद रहे। रैली के बाद एएसपी को ज्ञापन सौंपा गया।