आग लगने पर स्मोक अलार्म रोगियों, कर्मचारियों, और आगंतुकों को करेंगे सचेत
60 से 70 डिग्री से ऊपर तापमान होने पर शुरू होगा पानी का प्रवाह
बहराइच। आग लगने पर होने वाले नुकसान से बचने के लिए मेडिकल कॉलेज में दो करोड़ रुपये से हाईटेक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया जा रहा है। आग लगने पर स्मोक अलार्म मरीजों, कर्मचारियों और आगंतुकों को अलर्ट कर देंगे। यही नहीं, 60 से 70 डिग्री से ऊपर तापमान होने पर स्प्रिंकलर में विस्फोट होगा और पानी का फौव्वारा गिरना शुरू हो जाएगा। जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों व तीमारदारों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
लगभग 40 लाख की आबादी वाले जिले के मेडिकल कॉलेज में गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, पड़ोसी देश नेपाल सहित सीतापुर जिले के भी मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में भारी भीड़ रहती है। डॉक्टर, कर्मचारियों, मरीजों व तीमारदारों की सुरक्षा के लिए हाईटेक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया जा रहा है। इसमें स्मोक अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर, अलर्ट माइक, सेंसर आदि लगाया जाएगा। जिससे अस्पताल में यदि आग लगती है, तो फौरन आग बुझाई जा सकेगी।
बिछाई जा रही लाइन
फायर सेफ्टी सिस्टम अस्पताल के सभी वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, अस्पताल परिसर, इमरजेंसी, ब्लड बैंक, पैथालॉजी, चिल्ड्रेन वार्ड समेत सभी जगहों पर आग लगने की घटनाओं से रोकेगा। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद लाइन बिछाई जा रही है।
ऐसे काम करेगा सिस्टम
मेडिकल कॉलेज के किसी भी वार्ड में यदि आग लगती है या धुआं निकलता है, तो अलार्म सिस्टम से अलर्ट सायरन बजेगा। आग लगने वाले स्थान पर ही लगे फायर सिस्टम को चालू कर आग बुझाई जा सकेगी। ऐसे में समय की बचत होने के साथ ही आग लगने से होने वाला नुकसान भी कम से कम हो सकेगा।
मेडिकल कॉलेज में हाईटेक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने का कार्य चल रहा है। पूरे अस्पताल में वाटर लाइनों को बिछाया जा रहा है। दो महीने के अंदर पूरा सिस्टम लगने की उम्मीद है। -प्रो. डॉ. संजय खत्री, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज